
हिंदी सिनेमा चहेते धर्मेंद्र अब इस दुनिया में नहीं रहे। दिग्गज अभिनेता का 89 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर है।
हिंदी सिनेमा के ‘ही-मैन’ धर्मेंद्र अब हमारे बीच नहीं रहे। 89 वर्ष की आयु में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया, और उनके साथ ही हिंदी फिल्म उद्योग के एक महत्वपूर्ण युग का भी अंत हो गया। वे लंबे समय से बीमार थे और कुछ दिन पहले ही उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सांस लेने में दिक्कत बढ़ने पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। इस दौरान सलमान खान से लेकर शाहरुख खान तक कई बड़ी हस्तियां उनसे मिलने आईं। बाद में उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी, लेकिन घर पर भी वे लगातार डॉक्टरों की निगरानी में थे।
प्रियंका चोपड़ा ने धर्मेंद्र के निधन पर जताया दुख
प्रियंका चोपड़ा ने धर्मेंद्र के लिए एक दिल को छू लेने वाली श्रद्धांजलि लिखी, जिसमें बताया कि जब उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में अपना करियर शुरू किया तो धर्मेंद्र और उनके परिवार ने उनका खुले दिल से स्वागत किया। उन्होंने लिखा था, ‘जब मैं फिल्म सेट पर यह नोट लिख रही हूं, शॉट्स के बीच में मैं सोचती हूं कि हममें से कितने लोग हमेशा उनसे इंस्पायर होंगे। एक छोटे से शहर से, बिना किसी गॉडफादर और बड़े सपनों के उन्होंने एक मुश्किल इंडस्ट्री में अपनी खास पहचान बनाई और उन्होंने अपने परिवार को भी साथ आगे बढ़ाया। एक सच्चा हिंदी फिल्म सिनेमा का हीरो। रेस्ट इन पैराडाइज, धरमजी। पूरे देओल परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।’
